चम्बा मेडिकल कॉलेज में मरीज की मौत के बाद भड़का गुस्सा, परिजनों ने सर्किट हाउस के बाहर दिया धरना

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में एक मरीज की मौत पर भारी हंगामा हुआ। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सर्किट हाऊस तक रोष रैली निकालकर धरना दिया और जांच की मांग की।

लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने किया जोरदार प्रदर्शन

मुस्लिम वैल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष लतीफ मोहम्मद के अनुसार चुराह का एक व्यक्ति पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया था। उसे शाम 5 बजे मेडिकल कॉलेज लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मरीज को समय पर सही इलाज नहीं मिला, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना से गुस्साए लोग न्याय मांगने के लिए सर्किट हाऊस के बाहर धरने पर बैठ गए। उस समय मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष मिंजर मेले के सिलसिले में चम्बा में मौजूद थे। प्रदर्शनकारी उनसे मिलने पर अड़े रहे। रात 11:15 बजे एसडीएम चिराग शर्मा ने आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।

अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई, जांच के दिए आदेश

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने आरोपों पर अपना स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने बताया कि मरीज को तुरंत इमरजेंसी रूम में लाया गया था। वहां हड्डी रोग और सर्जरी विशेषज्ञों ने मरीज की जांच की थी। गंभीर हालत होने के कारण उसे रेफर किया जा रहा था।

प्राचार्य ने बताया कि एक लेडी डॉक्टर जाम में फंसने के बावजूद गाड़ी छोड़कर पैदल अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के आदेश दे दिए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News