चम्बा के करियां में तेंदुए का खौफ, पालतू मवेशियों को बनाया शिकार, वन विभाग ने लगाया पिंजरा

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के करियां पंचायत स्थित एनएचपीसी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत है। पिछले एक महीने से तेंदुआ रिहायशी इलाकों के आसपास घूम रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है।

स्थानीय निवासी मुकेश कुमार, राजेश और लेख राज के अनुसार तेंदुआ सुबह और रात के समय बस्तियों के नजदीक घात लगाकर बैठता है। अब तक कई पालतू कुत्तों, भेड़-बकरियों और अन्य पशुओं को अपना शिकार बना चुका है। इसके डर से ग्रामीणों ने मवेशियों के चारे के लिए जंगलों में जाना बंद कर दिया है।

शाम होते ही घरों में कैद हो रहे ग्रामीण, डीएफओ ने गठित की टीम

तेंदुए के लगातार मूवमेंट के कारण अभिभावक छोटे बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से डर रहे हैं। शाम ढलते ही लोग सुरक्षा के लिए घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द पकड़कर दूर सुरक्षित घने जंगल में छोड़ा जाए।

मामले पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग चम्बा के डीएफओ कृतज्ञ कुमार ने बताया कि विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया है। प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा स्थापित कर दिया गया है। वन अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News