चंबा में मिंजर मेले से लौटते वक्त खड्ड में गिरी बाइक, एक युवक सुरक्षित बचा और दूसरा लापता

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में गिर गई। हादसे के बाद एक युवक लापता हो गया, जबकि दूसरे को सुरक्षित बचा लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी दी और राहत कार्य शुरू किया।

यह दुर्घटना बालू-साहो लिंक रोड पर पक्काटाला के पास स्थित काली माता मंदिर के पास हुई। रविवार देर रात सरू गांव के रहने वाले 19 वर्षीय सक्षम और 17 वर्षीय शुभम मिंजर मेले से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक हादसे का शिकार होकर सीधे खड्ड में जा गिरी।

स्थानीय लोगों ने एक को बचाया, दूसरे की तलाश जारी

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर 17 वर्षीय शुभम को खड्ड से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 19 साल का सक्षम पानी के तेज बहाव में लापता हो गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को इस हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल शुभम को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में शुभम का इलाज जारी है। पुलिस और रेस्क्यू टीम अब लापता युवक सक्षम को तलाशने के लिए खड्ड के आसपास सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने कहा कि पुलिस टीम मुस्तैदी से जुटी है। नदी के मुहाने और आसपास के पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लापता युवक को जल्द से जल्द ढूंढने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News