Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत लामू में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार के 600 मीटर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम छाया हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग की हिलिंग-लामू सड़क पर बुधवार रात करीब 11 बजे एक अल्टो कार (एचपी-01सी-2717) किलेरी कंध के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही होली पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान 48 वर्षीय सुरेश कुमार और 36 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों चम्बा जिले की होली तहसील के लामू गांव के निवासी थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए होली के सिविल अस्पताल भेज दिया है।
प्रशासन ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस भीषण दुर्घटना पर ग्राम पंचायत लामू की प्रधान बीना देवी और पूर्व प्रधान लाल चंद ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।