भिलाई के रेलवे वैगन मेंटेनेंस यार्ड में सीबीआई की अचानक दबिश, रिश्वतखोरी के मामले में जांच तेज

Share

- Advertisement -

Bhilai News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत भिलाई स्थित पीपी (पद्मनाभपुर) यार्ड में सीबीआई की टीम ने छापेमारी की है। वरिष्ठ विभागीय अधिकारी द्वारा ठेकेदारों के बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों की टीम घंटों दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी रही।

ठेकेदार की शिकायत पर नई दिल्ली से पहुंची सीबीआई टीम

सूत्रों के अनुसार बिल भुगतान को लेकर एक ठेकेदार ने सीधे सीबीआई से शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद नई दिल्ली से सीबीआई की विशेष टीम निजी वाहनों से भिलाई पहुंची। स्थानीय स्तर पर सहयोग के लिए रायपुर और दुर्ग पासिंग की गाड़ियों में अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच प्रक्रिया शुरू की।

यार्ड में बाहरी लोगों का प्रवेश बंद, गोपनीय रखी गई कार्रवाई

कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखते हुए पीपी यार्ड का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। जिस समय टीम ने दबिश दी, उस समय दफ्तर में बिल और मेंटेनेंस से जुड़ी फाइलें मौजूद थीं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

पहले भी विवादों में रहा है भिलाई का पीपी यार्ड

वर्ष 2023 में भी भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद सीबीआई ने इस यार्ड को सील कर दस्तावेज जब्त किए थे। इसके अलावा रायपुर रेल मंडल में खेल कोटे से नौकरी दिलाने के मामले में भी छापेमारी हो चुकी है। लंबे समय से सीनियर डीएमई अनमोल उइके के खिलाफ ठेकेदारों से अवैध उगाही की शिकायतें मिल रही थीं।

टेंडर और रनिंग बिल्स के भुगतान में रिश्वत का संदेह

यार्ड में होने वाले करोड़ों रुपये के आउटसोर्सिंग टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया सीनियर डीएमई के अधिकार क्षेत्र में आती है। काम पूरा होने के बाद रनिंग बिल्स की अंतिम स्वीकृति और पेमेंट फाइल पर उनके हस्ताक्षर होते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं स्वीकृतियों के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News