सरकार की सख्ती और आयात के फैसले से चीनी की कीमतों में आई भारी गिरावट, मिल भाव 18 फीसदी लुढ़के

Share

- Advertisement -

New Delhi News: केंद्र सरकार द्वारा चीनी के आयात की मंजूरी देने और जमाखोरी पर नकेल कसने के बाद मिल कीमतों में 18 प्रतिशत की गिरावट आई है। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने बताया कि मिल स्तर पर चीनी के दाम घटकर 55 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गए हैं। हालांकि, थोक और खुदरा बाजार में इसका असर दिखना बाकी है।

पर्याप्त स्टॉक के बावजूद मिलों ने बढ़ाए थे दाम

उपभोक्ता मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, खुदरा बाजार में चीनी औसतन 63.05 रुपये और थोक में 58.29 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई। पिछले हफ्ते मिलों में दाम रिकॉर्ड 67 रुपये तक पहुंच गए थे। खाद्य सचिव ने स्पष्ट किया कि देश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और यह उछाल बुनियादी कारणों से नहीं हुआ था।

विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान चीनी उत्पादन 306 लाख टन रहने का ताजा अनुमान है, जबकि देश की घरेलू खपत 280 से 285 लाख टन के करीब है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात को मंजूरी दी है। साथ ही बड़े खरीदारों के लिए सख्त स्टॉक लिमिट भी तय की गई है।

जमाखोरी रोकने के लिए उड़न दस्ते तैनात

राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाईकनवरे के अनुसार, किसी भी राज्य में मिल भाव 55 रुपये से ऊपर नहीं हैं। राज्यों में कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष जांच टीमें तैनात की गई हैं। आने वाले दिनों में थोक और रिटेल मार्केट में भी चीनी की कीमतों में कमी देखने को मिलेगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News