Business News: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट लगातार बंद है। इसके बावजूद भारत में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। शुरुआती दिनों में सिलेंडर के लिए लगी लंबी कतारों के बाद अब देश में ईंधन का कोई संकट नहीं है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार फारस और ओमान की खाड़ी में करीब 50 मालवाहक जहाज अटके हुए हैं। इनमें कच्चे तेल के साथ-साथ एलपीजी के टैंकर भी शामिल हैं। यूनाइटेड अगेंस्ट न्यूक्लियर ईरान ने बताया कि नाकाबंदी के कारण फंसे हुए जहाजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन भारत पर इसका प्रभाव सीमित है।
भारत ने बदली एलपीजी आयात रणनीति, नए देशों से खरीद शुरू
क्रिसिल इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने संकट से निपटने के लिए अपनी आयात नीति में तेजी से बदलाव किया है। पहले भारत अपनी 90 फीसदी आयातित एलपीजी के लिए मध्य-पूर्व पर निर्भर था। अब सरकार ने अमेरिका, यूरोपीय देशों, अर्जेंटीना, चिली, फ्रांस और नीदरलैंड जैसे नए वैश्विक बाजारों से गैस खरीद बढ़ा दी है।
देश के प्रमुख शहरों में आज के एलपीजी सिलेंडर के दाम
आज 6 अगस्त को दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर 942 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2,738 रुपये में मिल रहा है। वहीं मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल 2,691.50 रुपये का है। लेह में घरेलू सिलेंडर 1,179 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,376.50 रुपये के उच्चतम स्तर पर है।
उत्तर भारत के अन्य शहरों में लखनऊ में घरेलू सिलेंडर 979.5 रुपये, भोपाल में 970 रुपये और पटना में 1,040 रुपये का है। वहीं रांची में घरेलू गैस 999.5 रुपये और रायपुर में 1,013 रुपये में बिक रही है। दक्षिण में बेंगलुरु में घरेलू सिलेंडर 944.5 रुपये और हैदराबाद में 994 रुपये दर्ज किया गया है।