New Delhi News: सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी ने 12,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। कंपनी के बोर्ड ने गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह राशि घरेलू बाजार में प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए एक या अधिक किस्तों में जुटाई जाएगी।
निजी नियोजन के जरिए एक साल में जुटाई जाएगी राशि
नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन यानी एनटीपीसी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 24 जुलाई की बैठक में बोर्ड ने यह फैसला लिया। डिबेंचर जारी करने की अवधि विशेष प्रस्ताव पास होने की तारीख से प्रभावी होगी। यह अनुमति एक साल या वित्त वर्ष 2027-28 की एजीएम तक मान्य रहेगी।
नियामकीय फाइलिंग के अनुसार हर किस्त का साइज, अवधि, बीएसई और एनएसई में लिस्टिंग, कूपन रेट, ब्याज दर और प्रतिभूति से जुड़ी अन्य शर्तें बाद में तय होंगी। कंपनी फंड जुटाने के समय ही इन सभी नियमों और शर्तों को अंतिम रूप देकर सार्वजनिक करेगी।
एनटीपीसी समूह की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में भारी बढ़ोतरी
एनटीपीसी ने एक अन्य सूचना में बताया कि 30 जून 2026 तक उसके समूह की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता बढ़कर 90,904 मेगावाट हो गई है। एक साल पहले इसी अवधि में यह क्षमता 82,646 मेगावाट थी। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में ही कंपनी ने 1,796 मेगावाट की क्षमता जोड़ी है।