Delhi News: दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी से चलने वाले वाहनों के लिए ईंधन महंगा हो गया है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी की खुदरा कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई संशोधित दरें शनिवार सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई हैं।
आईजीएल के अनुसार सीएनजी तैयार करने के लिए आवश्यक गैस का बड़ा हिस्सा आयातित लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) से पूरा होता है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक बाजार में इसके दामों में भारी तेजी आई है।
आयातित गैस की बढ़ी लागत की भरपाई के लिए कदम
कंपनी ने बताया कि वैश्विक स्तर पर एलएनजी की ऊंची कीमतों का सीधा असर इनपुट गैस की लागत पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ रहे लागत के दबाव की आंशिक भरपाई करने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलो का इजाफा करना जरूरी हो गया था।
कीमतों में हुए इस ताजा बदलाव के बाद दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में सीएनजी महंगी हो गई है। ईंधन की दरों में इस वृद्धि से आने वाले दिनों में निजी वाहन चालकों के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई के खर्च पर भी असर देखने को मिल सकता है।