जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या मामले में चार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन

Share

- Advertisement -

Jaipur News: जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित जगदम्बा नगर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जोबनेर से जयपुर आ रहे विजय का बदमाशों ने करीब 30 किलोमीटर तक पीछा किया और रावण गेट के पास उसकी कार को टक्कर मारने के बाद कुल्हाड़ी व सरियों से हमला कर हत्या कर दी।

    राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कालवाड़ रोड स्थित जगदम्बा नगर में हुई हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देते हुए देर रात करीब तीन बजे इन आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक जांच में इस वारदात को पुरानी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

    जोबनेर से 30 किलोमीटर तक पीछा कर मारी टक्कर

    पुलिस जांच के अनुसार, विजय बाजिया अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार (RJ14U00302) से जोबनेर की तरफ से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान एक कैंपर गाड़ी में सवार चार से छह बदमाश उसके पीछे लग गए। हमलावरों ने रास्ते में करीब 30 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। कालवाड़ रोड पर जगदम्बा नगर में रावण गेट के पास कैंपर सवार बदमाशों ने विजय की कार को जोरदार टक्कर मारकर रोक दिया।

    टक्कर के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद विजय जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरकर भागा। हालांकि, हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। बदमाशों ने विजय को जमीन पर गिराकर कुल्हाड़ी, लाठियों, सरियों और पत्थरों से हमला किया। महज 45 सेकंड से सवा मिनट के भीतर उस पर 17 वार किए गए, जिससे उसके सिर, जबड़े, आंख और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो से मिली मदद

    वारदात के समय आसपास मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जबकि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में भी कार को टक्कर मारने और हमले के दृश्य कैद हुए हैं। फुटेज में कुछ स्थानीय लोग हमलावरों को रोकने का प्रयास करते भी दिखे, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद कैंपर और अन्य वाहनों से फरार हो गए। इन्हीं फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

    पुरानी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से जांच

    मृतक विजय बाजिया जोबनेर थाना क्षेत्र के तिबारिया गांव की बाजिया की ढाणी का निवासी था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ हत्या सहित सात आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। वर्ष 2019 में तिबारिया निवासी कैलाश की हत्या के मामले में भी वह आरोपी था और जेल में बंद था। हाल ही में वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था।

    जानकारी के अनुसार, विजय कालवाड़ रोड पर रॉयल सिटी चौराहे के पास प्रॉपर्टी का काम करता था और विवादित जमीनों से जुड़े मामलों के कारण भी कई लोगों से उसकी रंजिश चल रही थी। वह अपनी गाड़ी पर ‘00302’ नंबर रखता था और आपराधिक मामलों का हवाला देकर लोगों को धमकाता था।

    पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन

    मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए करधनी थाना प्रभारी सवाई सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान कार को टक्कर मारने से लेकर हमले और भागने के पूरे घटनाक्रम की जांच की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश कब रची गई, विजय की लोकेशन किसने साझा की और वारदात में कौन-कौन शामिल थे। पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

    Read more

    Related News