कुरान की आयत लिखे पेंडेंट को लेकर विवाद, कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान को भेजा कानूनी नोटिस

Share

- Advertisement -

New Delhi News: अभिनेत्री करीना कपूर खान को दीपावली के मौके पर पहने गए एक पेंडेंट को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। कांग्रेस नेता और प्रवक्ता अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को नोटिस भेजकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।

    अभिनेत्री करीना कपूर खान दीपावली के अवसर पर पहने गए एक शाही पेंडेंट को लेकर विवादों में आ गई हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता और प्रवक्ता अब्बास हफीज ने इस पेंडेंट पर आपत्ति जताते हुए करीना कपूर खान और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया से इससे जुड़ी तस्वीरें और वीडियो हटाने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है।

    200 साल पुराने पेंडेंट पर अंकित है ‘आयत-उल-कुर्सी’

    अब्बास हफीज के अनुसार, करीना कपूर ने दीपावली के मौके पर जो 30 कैरेट का पन्ना जड़ा पेंडेंट पहना था, वह करीब 200 साल पुराना है। इसे भोपाल रियासत की बेगम और अभिनेता सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान की विरासत से जुड़ा बताया गया है। आरोप है कि इस ऐतिहासिक आभूषण पर पवित्र कुरान की आयत ‘आयत-उल-कुर्सी’ अंकित है, जिसे फैशन एक्सेसरी के तौर पर पहनने और प्रदर्शित करने से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

    कांग्रेस नेता अब्बास हफीज का बयान

    अब्बास हफीज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें किसी के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि धार्मिक महत्व की वस्तु को फैशन की तरह प्रदर्शित करने पर ऐतराज है। उन्होंने कहा, “हमें इस बात से आपत्ति है कि भोपाल की बेगम का पेंडेंट इस्लामिक विरासत से जुड़ा रहा है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हैं, जिसे ‘आयत-उल-कुर्सी’ कहते हैं। हमारे लिए यह बहुत पवित्र होती है और हम लोग उसे बिना वुजू (पवित्रता) के नहीं छूते हैं।”

    उन्होंने आगे कहा, “हमें किसी के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है और न ही यह कोई विवाद है, बल्कि हमें इससे आपत्ति है कि अभिनेत्री करीना कपूर खान दीपावली पर यह पेंडेंट पहनकर इसका प्रदर्शन कर रही हैं। यह भोपाल का ऐतिहासिक पेंडेंट है, जो इस्लामी विरासत से जुड़ा है। इसे फैशन परेड के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।”

    पहनावे की अन्य चीजों पर आपत्ति नहीं

    अब्बास हफीज ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अभिनेत्री के बाकी पारंपरिक परिधान या अन्य आभूषणों पर कोई सवाल नहीं उठाया है। उन्होंने कहा, “उन्होंने अपने लुक में कलगी लगाई है, हमने उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई है, लेकिन पेंडेंट पर कुरान की आयत है। उसे इस तरह लिबास में पहनना सही नहीं है। भोपाल की बेगम पर्दे में रहती थीं और इस पेंडेंट को आस्था के लिए बनाया गया था।”

    इस पूरे मामले और कानूनी नोटिस को लेकर करीना कपूर खान, रिया कपूर या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

    Read more

    Related News