Uttar Pradesh News: बकाया गृहकर पर लगे ब्याज में शत-प्रतिशत छूट पाने का सुनहरा मौका अब समाप्त होने वाला है। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत आवेदन करने के लिए केवल दो दिन का समय शेष बचा है। भवन स्वामी 14 नवंबर की रात 12 बजे तक नगर निगम कार्यालय या आधिकारिक पोर्टल upulbots.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद करदाताओं को मूलधन के साथ पूरा ब्याज भी चुकाना होगा।
गृहकर के बकायेदारों को राहत देने के लिए यह एकमुश्त समाधान योजना 15 अगस्त से शुरू की गई थी। इस योजना के अंतर्गत बकाया गृहकर पर लगे ब्याज को 100 प्रतिशत माफ किया जा रहा है। योजना का लाभ उठाने के लिए भवन स्वामियों के पास 14 नवंबर की रात 12 बजे तक का ही समय है, जिसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम को प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण 15 दिसंबर तक पूरा करना है।
अब तक 17,500 आवेदन प्राप्त, 7.50 करोड़ रुपये जमा
कर अनुभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, एकमुश्त समाधान योजना के तहत गुरुवार तक कुल 17,500 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन आवेदनों के सापेक्ष कुल 31 करोड़ रुपये की धनराशि की डिमांड जनरेट हुई है और लगभग इतनी ही राशि का ब्याज माफ किया गया है। जारी की गई डिमांड के मुकाबले अब तक लगभग 7.50 करोड़ रुपये का गृहकर जमा भी हो चुका है।
अधिकारियों को 20 हजार आवेदनों की उम्मीद
नगर निगम के अधिकारियों को उम्मीद है कि अंतिम दो दिनों में आवेदनों की यह संख्या 20,000 तक पहुंच सकती है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी उदयभान ने बकायेदारों से अपील करते हुए कहा कि जिन भवन स्वामियों को लगता है कि उनका गृहकर बढ़ा हुआ है या कई वर्षों से बकाया चल रहा है, वे बिना देरी किए तत्काल पोर्टल या निगम कार्यालय में आकर आवेदन कर दें, ताकि उन्हें समय रहते योजना का लाभ मिल सके।