गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा की डेब्यू फिल्म ‘हीरो की हॉररिन’ का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी, नितांशी गोयल आएंगी नजर

Share

- Advertisement -

New Delhi News: अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा साजिद खान के निर्देशन में बन रही हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘हीरो की हॉररिन’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। शुक्रवार को निर्माताओं ने फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया। फिल्म में नितांशी गोयल मुख्य अभिनेत्री होंगी और यह साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा जल्द ही बड़े पर्दे पर अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं। साजिद खान के निर्देशन में बन रही उनकी पहली हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘हीरो की हॉररिन’ का फर्स्ट लुक पोस्टर शुक्रवार को निर्माताओं ने जारी कर दिया। इस फिल्म में यशवर्धन के साथ ‘लापता लेडीज’ से चर्चित हुईं अभिनेत्री नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

खास बात यह है कि यशवर्धन की असल जिंदगी की मां सुनीता आहूजा भी इस फिल्म में उनकी मां का किरदार निभाती दिखाई देंगी। निर्माताओं के अनुसार, यह एक पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है, जिसमें दर्शकों को डर, हास्य और रोमांस का मिश्रण देखने को मिलेगा।

पोस्टर में दिखा डरावना अंदाज

निर्माताओं ने फिल्म का पहला पोस्टर सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर साझा किया है, जिसमें फिल्म के एक डरावने किरदार की झलक दिखाई गई है। पोस्टर में लंबे बालों, लाल साड़ी, कटे-फटे चेहरे, चमकती सफेद आंखों और नुकीले दांतों वाली एक डरावनी आकृति अंधेरे और धुएं के बीच नजर आ रही है।

पोस्टर साझा करते हुए निर्माताओं ने कैप्शन में लिखा, “हीरोइन दिल ले जाती है, हॉररिन दिल खा जाती है।” इस पोस्टर के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

साल 2027 में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म ‘हीरो की हॉररिन’ में यशवर्धन आहूजा, नितांशी गोयल और सुनीता आहूजा के अलावा चंकी पांडे, जेमी लीवर, बृजेंद्र काला, सिमरत कौर रंधावा और कृष्णा अभिषेक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके साथ ही फिल्म में अभिनेता गोविंदा के एक विशेष अतिथि भूमिका (कैमियो) में होने की भी चर्चा है।

जय हो मीडिया वेंचर्स के बैनर तले बनी और बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता कपूर और अमर बुटाला ने किया है। यह फिल्म अगले साल यानी 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

Read more

Related News