अंकिता भंडारी केस: गुजरात के गांधीनगर में होगा उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट, सीबीआई कोर्ट में दर्ज हुए बयान

Share

- Advertisement -

Dehradun News: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम सामने लाने वाली उर्मिला सनावर शुक्रवार को देहरादून की सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। अदालत के सामने सहमति देने के बाद अब उनका नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। टेस्ट से पहले उनकी मेडिकल जांच पूरी की जाएगी।

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी विवाद में चर्चा में आईं उर्मिला सनावर शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। अदालत में उनके नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर सुनवाई हुई, जहां न्यायाधीश के समक्ष उनके बयान दर्ज किए गए। अब उनका नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा।

पेशी के बाद उर्मिला सनावर ने बताया कि अदालत ने उनसे यह स्पष्ट रूप से पूछा कि क्या वह किसी राजनीतिक दबाव, धमकी या अन्य किसी प्रभाव में आकर तो इस जांच के लिए सहमति नहीं दे रही हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह अपनी स्वेच्छा से नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं।

मेडिकल जांच के बाद गांधीनगर ले जाएगी सीबीआई

उर्मिला सनावर की अधिवक्ता शिवानी तोमर के अनुसार, नार्को टेस्ट से पहले उनकी आवश्यक मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके लिए पहले तारीख निर्धारित होगी और चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सीबीआई की टीम उन्हें गुजरात लेकर जाएगी।

संभावना है कि गांधीनगर स्थित डायरेक्टरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज (DFS) में यह परीक्षण किया जाएगा, जहां नार्को एनालिसिस जैसी वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि, जांच की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है और मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे का कार्यक्रम निर्धारित होगा।

अदालत परिसर में राजनीतिक हलचल रही चर्चा में

शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के दौरान उर्मिला सनावर भाजपा का झंडा लगी गाड़ी से पहुंचीं, जो परिसर में चर्चा का विषय बनी रही। मीडिया के सवालों पर उन्होंने स्वयं को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताया। वहीं, अदालत परिसर में उर्मिला के समर्थन में क्षेत्रीय दल यूकेडी डेमोक्रेटिक के कार्यकर्ता भी मौजूद दिखाई दिए।

कथित वीआईपी और वायरल ऑडियो से जुड़ा है मामला

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर कुछ ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद उर्मिला सनावर चर्चा में आई थीं। इन ऑडियो क्लिप में मामले से जुड़े लोगों की बातचीत होने का दावा किया गया था। इसी सिलसिले में सीबीआई उनसे पूछताछ कर चुकी है और अब नार्को व पॉलीग्राफ परीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इससे पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ भी जांच के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं।

Read more

Related News