Raigad News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक 53 वर्षीय ऑटो चालक के पेट में जीभ साफ करते समय अचानक टूथब्रश फिसलकर चला गया। गंभीर स्थिति में पहुंचे मरीज के पेट से डॉक्टरों ने 30 मिनट की जटिल एंडोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए लगभग 7.5 इंच (19 सेमी) लंबा टूथब्रश सफलतापूर्वक बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले स्थित शिरावली गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां रोजमर्रा की आदत एक व्यक्ति के लिए जानलेवा संकट बन गई। 53 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक राजेंद्र मालुसरे 29 सितंबर की सुबह अपने घर के बाथरूम में ब्रश कर रहे थे। इसी दौरान दांत और जीभ साफ करते समय टूथब्रश अचानक उनके हाथ से फिसल गया और गले से होता हुआ सीधे पेट में चला गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन प्रक्रिया शुरू की। करीब 30 मिनट तक चली जटिल एंडोस्कोपी तकनीक के माध्यम से राजेंद्र के पेट से लगभग 19 सेंटीमीटर (7.5 इंच) लंबा टूथब्रश सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस सफल प्रक्रिया के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई गई है।
निकालने की कोशिश में रुका गला, बेटी से मांगी मदद
पीड़ित राजेंद्र मालुसरे के अनुसार, वह रोज की तरह टूथब्रश की मदद से दांतों के साथ जीभ भी साफ कर रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से ब्रश हाथ से छूटा और गले के भीतर धंसता चला गया। उन्होंने तत्काल उसे खुद बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन ब्रश और अंदर चला गया। घबराहट और गले में अवरोध के कारण उनकी आवाज बंद होने लगी।
असहज स्थिति में उन्होंने किसी तरह परिजनों को आवाज दी। मौके पर पहुंची उनकी बेटी को राजेंद्र ने इशारों में पूरी घटना बताई। बेटी ने भी अपने हाथ से गले में फंसे टूथब्रश को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
प्राथमिक उपचार में विफलता के बाद अस्पताल में राहत
परिवार ने तुरंत पड़ोसियों से मदद मांगी। पड़ोसी उन्हें तत्काल नजदीकी स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन प्राथमिक स्तर पर टूथब्रश बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद उन्हें बड़े अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने एंडोस्कोपी प्रक्रिया का सहारा लेकर पेट में पहुंचे टूथब्रश को बिना किसी बड़ी सर्जरी के सुरक्षित निकाल लिया। समय रहते उपचार मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।