लोनी के राहुल गार्डन में बेकरी की दुकान में लगी भीषण आग, करीब 35 लाख रुपये का सामान जलकर राख; शॉर्ट सर्किट की आशंका

Share

- Advertisement -

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र स्थित राहुल गार्डन बंद फाटक के पास बुधवार तड़के एक मिल्क एजेंसी और बेकरी की दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के भीतर रखा करीब 35 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। दमकल विभाग की टीम ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के भोपुरा निवासी मोहन सिंह डागर की लोनी के राहुल गार्डन इलाके में ‘मां वैष्णो मिल्क एजेंसी एंड बेकरी’ के नाम से दुकान है। बुधवार अलसुबह दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुकान के ऊपरी हिस्से में रह रहे किरायेदारों ने तत्काल घटना की सूचना दुकान मालिक और दमकल विभाग को दी।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय दुकान से तेज लपटें निकल रही थीं। दमकलकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पानी की बौछार शुरू की और करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते दमकल की गाड़ी पहुंचने से आग को आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी भवनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की प्राथमिक आशंका

दुकान संचालक मोहन सिंह डागर ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें करीब 35 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, दमकल विभाग के उप निरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News