शाकाहारी परिवार से छिपकर बुजुर्ग ने खाई मछली, गले में फंसा कांटा, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने निकाला

Share

- Advertisement -

Kanpur News: कानपुर में एक शाकाहारी परिवार के 77 वर्षीय बुजुर्ग को घरवालों से छिपकर मछली खाना भारी पड़ गया। मछली खाते समय उनके गले में कांटा फंस गया, जिससे उन्हें करीब तीन सप्ताह से अधिक समय तक दर्द और निगलने में परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगह असफल प्रयासों के बाद कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने आधुनिक तकनीक से कांटा सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।

    कानपुर निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग को 25 अक्टूबर को भोजन के दौरान गले में कुछ फंसने और निगलने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। परिजनों के अनुसार उनका पूरा परिवार शाकाहारी है, इसलिए शुरुआत में बुजुर्ग ने मछली या किसी भी मांसाहारी भोजन के सेवन से साफ इनकार कर दिया था।

    तकलीफ बढ़ने पर परिजनों ने स्थानीय स्तर पर कई डॉक्टरों को दिखाया। चिकित्सकों ने एंडोस्कोपी के माध्यम से गले में फंसी वस्तु को निकालने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। लगातार इलाज के बावजूद राहत न मिलने पर मरीज को आगे के उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।

    आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक से निकाला गया कांटा

    जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने मरीज की गहन जांच के बाद आधुनिक तकनीक से उपचार करने का निर्णय लिया। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन प्रो. डॉ. संजय काला के मार्गदर्शन और वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आरके जौहरी के नेतृत्व में टीम ने एंडोस्कोपी की प्रक्रिया शुरू की।

    इस जटिल प्रक्रिया के दौरान डॉक्टरों ने ‘रैट टूथ फॉरेन बॉडी रिमूवल फोरसेप्स’ (Rat Tooth Foreign Body Removal Forceps) नामक विशेष उपकरण का उपयोग किया। इसकी सहायता से गले के ऊपरी हिस्से में फंसे मछली के कांटे को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। पहले कई जगहों पर हुए असफल प्रयासों के विपरीत, मेडिकल कॉलेज की टीम ने अपने पहले ही प्रयास में कांटा निकालने में सफलता हासिल की।

    कांटा निकलते ही खुला राज, बुजुर्ग ने ली चुटकी

    गले से मछली का कांटा बाहर आते ही बुजुर्ग की चोरी भी पकड़ी गई। कांटा निकलने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अब तो चोरी पकड़ी गई।” करीब एक महीने के लंबे इंतजार और दर्द से राहत मिलने के बाद बुजुर्ग और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और मेडिकल कॉलेज की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

    गले में कांटा फंसने पर बरतें सावधानी

    वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आरके जौहरी ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि गले में फंसी किसी भी बाहरी वस्तु या कांटे को नजरअंदाज करना बेहद खतरनाक हो सकता है। समय पर उपचार न मिलने से आसपास के नाजुक ऊतकों को नुकसान पहुंच सकता है और कांटे की स्थिति व दिशा के अनुसार गंभीर चिकित्सीय जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने सलाह दी कि ऐसी स्थिति में घरेलू उपाय करने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से अब बिना ओपन सर्जरी के भी जटिल मामलों का सुरक्षित उपचार संभव है।

    Read more

    Related News