Jawalamukhi News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में ज्वालामुखी-रुहाड़ा सड़क 6 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगी। जिला दंडाधिकारी हेमराज बैरवा ने सड़क निर्माण कार्य के चलते इस पर रोक लगाई है। यह आदेश सिहोरपाई से जजवार तक चल रहे कटिंग कार्य को सुरक्षित और तेज गति से पूरा करने के लिए जारी हुआ है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य के दौरान आम गाड़ियों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। हालांकि, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए एंबुलेंस और अन्य जरूरी आपातकालीन सेवाओं को इस रोक से पूरी छूट दी गई है। इनका आवागमन बिना किसी रुकावट के पहले की तरह ही सुचारू रूप से चलता रहेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने तय किया नया रूट
सड़क बंद होने से मुसाफिरों को परेशानी न हो, इसके लिए नया वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। अब सभी सामान्य वाहन अधे दी हट्टी, अधवाणी, बलारडू और चंबापत्तन् रास्ते से होकर गुजरेंगे। प्रशासन ने चालकों से अपील की है कि वे सफर के दौरान असुविधा से बचने के लिए इसी रूट का प्रयोग करें।