जयपुर में 18 वर्षीय छात्रा से निकाह के आरोप में घिरे मौलाना पर कोर्ट परिसर के बाहर हमला, पुलिस ने बचाया

Share

- Advertisement -

Jaipur News: जयपुर में अदालत में पेशी के बाद बाहर निकल रहे एक मौलाना पर गुस्साए लोगों ने हमला कर दिया। मौलाना पर मदरसे में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा को बहला-फुसलाकर निकाह करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में मदरसे की एक छात्रा से कथित तौर पर निकाह करने के मामले में गिरफ्तार मौलाना को अदालत में पेशी के बाद बाहर लाते समय भीड़ ने घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने मौलाना के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से कोर्ट परिसर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित कर मौलाना को सुरक्षित बाहर निकाला।

परिजनों का आरोप और थाने पर प्रदर्शन

जयसिंहपुरा खोर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह के अनुसार, नाई की थड़ी स्थित मदरसे में स्थानीय बच्चियां तालीम लेने आती हैं। परिजनों का आरोप है कि मदरसे का मौलाना पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता है। आरोप है कि उसने 18 वर्षीय छात्रा को प्रभावित कर परिजनों की सहमति के बिना उससे निकाह कर लिया।

परिजनों ने बताया कि जानकारी मिलने पर उन्होंने युवती को समझाने और मौलाना से दूर रहने की हिदायत दी थी, लेकिन वह निकाह पर अड़ी रही। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और सख्त कार्रवाई की मांग की।

शांतिभंग में गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत

तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में लिया। शनिवार दोपहर बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां सक्षम मजिस्ट्रेट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के निर्देश दिए।

अदालत से बाहर निकालते समय बाहर जुटी भीड़ ने मौलाना पर हमला कर दिया। पुलिस सुरक्षा घेरे के बावजूद लोगों ने उसके साथ हाथापाई की, जिसे पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर संभाला। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और छात्रा के परिजनों द्वारा लगाए गए अन्य सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Read more

Related News