New Delhi News: देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर उनकी ऐतिहासिक विरासत को याद किया जा रहा है। दिल्ली की जामा मस्जिद से देश विभाजन के समय मुसलमानों से पाकिस्तान न जाने की उनकी अपील आज भी इतिहास का अहम हिस्सा है। वहीं, उनके सरकारी आवास पर लिखी गई चर्चित आत्मकथा ‘इंडिया विन्स फ्रीडम’ आजादी के दौर के कई महत्वपूर्ण सियासी पहलुओं को उजागर करती है।
देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर देश उन्हें खिराजे अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश कर रहा है। दिल्ली की जामा मस्जिद के पास स्थित उनकी मजार इतिहास की कई महत्वपूर्ण घटनाओं की गवाह रही है। जामा मस्जिद वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां से मौलाना आजाद ने 23 अक्टूबर 1947 को देश के मुसलमानों को संबोधित किया था। उन्होंने देशवासियों से पाकिस्तान जाने का फैसला छोड़ने की अपील करते हुए आश्वस्त किया था कि भारत उनका अपना वतन है और उन्हें यहां डरने की आवश्यकता नहीं है।
उस दौर में मौलाना की अपील का बड़ा प्रभाव देखने को मिला और दिल्ली के सैकड़ों परिवारों ने पाकिस्तान जाने का निर्णय बदल दिया। मौलाना केवल जामा मस्जिद तक सीमित नहीं रहे, बल्कि वे लोधी रोड रेलवे स्टेशन पर भी पहुंचे, जहां से उन दिनों पाकिस्तान के लिए ट्रेनें रवाना होती थीं। वहां भी उन्होंने लोगों से जिन्ना के पाकिस्तान न जाने की गुजारिश की थी। हालांकि कुछ लोगों ने उनकी बात मानी, जबकि कई अपने फैसले पर कायम रहे। देश का बंटवारा मौलाना आजाद के लिए एक गहरा सदमा था, क्योंकि वे आजीवन हिंदू-मुस्लिम एकता और साझा संस्कृति के प्रबल पक्षधर रहे।
किंग एडवर्ड रोड के बंगले में पूरी हुई चर्चित आत्मकथा
विभाजन की पीड़ा और स्वतंत्रता आंदोलन के राजनीतिक घटनाक्रम को मौलाना ने अपनी चर्चित पुस्तक ‘इंडिया विन्स फ्रीडम’ में दर्ज किया है। इस किताब के जरिए उस दौर की राजनीति, कांग्रेस पार्टी के आंतरिक मतभेदों और विभाजन के फैसलों पर उनके आंतरिक द्वंद्व को समझा जा सकता है।
राजधानी दिल्ली में वर्तमान मौलाना आजाद रोड (पूर्व नाम किंग एडवर्ड रोड) स्थित बंगला नंबर चार में मौलाना आजाद 1947 से लेकर 22 फरवरी 1958 को अपने निधन तक रहे। विज्ञान भवन एनेक्सी के आसपास का यह परिसर उनका आधिकारिक आवास था और यहीं से उनकी अंतिम यात्रा भी निकली थी। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रहते हुए मौलाना ने 1957 में इसी आवास पर अपनी आत्मकथा पूरी की थी, जो उनके निधन के बाद 1959 में प्रकाशित हुई।
रात की बैठकों में हुमायूं कबीर ने किया था अनुवाद
मंत्रालय के दैनिक कामकाज निपटाने के बाद मौलाना आजाद रात को जब आवास लौटते थे, तो नेहरू कैबिनेट के एक अन्य मंत्री हुमायूं कबीर नियमित रूप से उनसे मिलने पहुंचते थे। इन मुलाकातों का मुख्य उद्देश्य पुस्तक का संपादन और अनुवाद था।
मौलाना आजाद दिन में लिखे गए उर्दू के पन्ने हुमायूं कबीर को सौंपते थे, जिसके बाद हुमायूं कबीर उनका उर्दू से अंग्रेजी में अनुवाद तैयार करते थे। यह ऐतिहासिक दस्तावेज स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन के दौर के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक संस्मरणों में गिना जाता है।