Mandi News: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के रामपुर बुशहर डिपो में तैनात चालक संतोष कुमार का आकस्मिक निधन हो गया। सरकाघाट के लुणाधा निवासी 46 वर्षीय संतोष कुमार कमरे में सोए हुए मृत पाए गए, जिनकी मौत का शुरुआती कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया जा रहा है।
संतोष कुमार पिछले 13 वर्षों से परिवहन निगम में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जानकारी के अनुसार, मृत्यु से पहले वह दिल्ली रूट की ड्यूटी पूरी कर लौटे थे और अपने कमरे में आराम करने चले गए थे। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आए, तो सहयोगियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, जहां वह मृत अवस्था में मिले।
फूलों से सजी एचआरटीसी बस से पार्थिव देह पहुंची पैतृक गांव
पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, निगम के सहयोगी चालकों ने संतोष कुमार की पार्थिव देह को उनके पैतृक घर पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाई। जिस एचआरटीसी बस को चलाकर उन्होंने वर्षों तक यात्रियों को सुरक्षित उनकी मंजिल तक पहुंचाया, उसी बस को फूलों से सजाकर उनकी पार्थिव देह रामपुर बुशहर से सरकाघाट लाई गई।
सहकर्मियों ने बस में ही श्मशानघाट तक पहुंचाकर दी अंतिम विदाई
जब फूलों से सजी बस में संतोष कुमार की पार्थिव देह उनके गांव लुणाधा पहुंची, तो पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया। इस बार संतोष चालक की सीट पर नहीं थे। परिजनों और ग्रामीणों के अंतिम दर्शन के बाद, सहयोगी चालक उनकी पार्थिव देह को उसी बस में श्मशानघाट तक ले गए, जहां नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
परिवहन निगम के कर्मचारियों की इस संवेदनशील पहल से शोकाकुल परिवार को संबल मिला और सहकर्मियों ने अपने साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।