New Delhi News: केंद्र सरकार के पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने 29 अक्टूबर 2026 को एक कार्यालय ज्ञापन जारी कर केंद्रीय कर्मचारियों की फैमिली पेंशन के नियमों को स्पष्ट किया है। नए स्पष्टीकरण के अनुसार, कानूनी रूप से विवाहित पति या पत्नी पर कोई आय सीमा लागू नहीं होगी, जबकि परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को निर्धारित आय और आर्थिक निर्भरता की शर्तें पूरी करनी होंगी।
केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की मृत्यु के बाद परिवार को मिलने वाली फैमिली पेंशन (पारिवारिक पेंशन) के नियमों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने 29 अक्टूबर 2026 को एक कार्यालय ज्ञापन (ऑफिस मेमोरेंडम) जारी कर बताया है कि परिवार का कौन-सा सदस्य पेंशन का हकदार होगा और किसके लिए आय सीमा का नियम अनिवार्य रहेगा।
कार्यालय ज्ञापन के मुताबिक, किसी कर्मचारी की मृत्यु के बाद परिवार के प्रत्येक सदस्य को स्वतः ही फैमिली पेंशन का अधिकार नहीं मिल जाता है। इसके लिए मृतक कर्मचारी से संबंधित सदस्य का रिश्ता, आवेदक की अपनी आय और आर्थिक निर्भरता की जांच की जाती है। विभाग ने अविवाहित, विधवा और तलाकशुदा बेटियों के साथ-साथ पुनर्विवाह कर चुकी निःसंतान विधवा, आश्रित माता-पिता तथा दिव्यांग बच्चों व भाई-बहनों के लिए पात्रता नियमों का विवरण साझा किया है।
किसे मिलेगी आय सीमा से छूट और किस पर लागू होगी शर्त
सरकारी नियमों के अनुसार, मृतक कर्मचारी या पेंशनभोगी के कानूनी रूप से विवाहित पति या पत्नी पर किसी भी प्रकार की आय सीमा लागू नहीं होती है। इसका अर्थ है कि पति या पत्नी स्वयं चाहे कितनी भी कमाई करते हों, वे फैमिली पेंशन पाने के पात्र रहेंगे।
हालांकि, पुनर्विवाह कर चुकी निःसंतान विधवा और परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को फैमिली पेंशन का लाभ लेने के लिए सरकार द्वारा तय की गई आय सीमा की शर्त को पूरा करना अनिवार्य होगा।
क्या है इनकम लिमिट का नियम
सेंट्रल सिविल सर्विसेज (पेंशन) रूल्स, 2021 के नियम 50(11) के तहत पात्रता जांचने के लिए आय के दो अलग-अलग मानक तय किए गए हैं:
- अन्य पात्र सदस्य और पुनर्विवाह कर चुकी निःसंतान विधवा: पति या पत्नी को छोड़कर परिवार के अन्य पात्र सदस्यों की अन्य स्रोतों से होने वाली मासिक आय ₹9,000 और उस पर लागू महंगाई राहत (DR) की कुल राशि से कम होनी चाहिए।
- दिव्यांग बच्चे और भाई-बहन: मानसिक या शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चों और भाई-बहनों की अन्य स्रोतों से होने वाली आय, उन्हें मिलने वाली संभावित फैमिली पेंशन की राशि से कम होनी चाहिए। यह संभावित पेंशन राशि कर्मचारी के अंतिम वेतन के 30 प्रतिशत और उस पर लागू महंगाई राहत (DR) के बराबर होती है।
इन सदस्यों को देना होगा आर्थिक निर्भरता का प्रमाण
परिवार के कुछ सदस्यों के लिए केवल तय आय सीमा के दायरे में आना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें यह प्रमाण भी प्रस्तुत करना होगा कि वे मृतक कर्मचारी या पेंशनभोगी पर आर्थिक रूप से निर्भर थे:
- बेटियां: अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा बेटियों को यह साबित करना होगा कि वे अपने माता-पिता के जीवित रहते हुए उन पर आर्थिक रूप से आश्रित थीं।
- माता-पिता और दिव्यांग भाई-बहन: आश्रित माता-पिता और दिव्यांग भाई-बहनों को यह प्रमाण देना आवश्यक होगा कि वे कर्मचारी या पेंशनभोगी की मृत्यु से ठीक पहले उन पर आर्थिक रूप से निर्भर थे।