चौपला बाजार में दोने-पत्तल की दुकान में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने 8 गैस सिलेंडर सुरक्षित निकाल टाला बड़ा हादसा

Share

- Advertisement -

Chowpala News: शहर के घनी आबादी वाले सबसे पुराने बाजार चौपला स्थित दोने-पत्तल की दुकान में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। अंदर रखे आठ गैस सिलेंडरों के कारण बड़ा विस्फोट होने और आसपास के प्रतिष्ठानों तक लपटें फैलने का खतरा बन गया था। दमकल टीम ने दुकान का ताला तोड़कर सभी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

शहर के व्यस्त और घनी आबादी वाले चौपला बाजार में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चौपला मंदिर के समीप स्थित एक दुकान से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।

ताला तोड़कर सुरक्षित निकाले गए 8 गैस सिलेंडर

फायर स्टेशन कोतवाली को देर रात घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी दो दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। आग चौपला मंदिर के पास स्थित मुकेश गर्ग की दुकान में लगी थी। दुकान बंद होने के कारण स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने दुकान मालिक की मौजूदगी में ताला तुड़वाया।

दुकान के भीतर भारी मात्रा में दोने-पत्तल और अन्य पैकेजिंग व भंडारण सामग्री रखी थी, जिससे आग तेजी से फैल रही थी। सबसे बड़ी चुनौती दुकान के अंदर रखे आठ गैस सिलेंडर थे, जो लपटों की चपेट में आ सकते थे। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालने से पहले जान जोखिम में डालकर सभी आठों सिलेंडरों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।

आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोकी आग

सिलेंडरों को बाहर निकालने के तुरंत बाद दमकलकर्मियों ने होज पाइप से पानी की बौछारें कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पास स्थित मिठाई की दुकान और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस और काफी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। राहत व बचाव कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय पार्षद और नागरिकों ने तालियां बजाकर दमकल टीम का आभार व्यक्त किया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News