कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, टॉयलेट में मिला नोट

Share

- Advertisement -

Kolkata News: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI2772 में हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के उड़ान भरने से ठीक पहले टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला, जिसके बाद विमान को तत्काल आइसोलेशन बे में भेजकर सुरक्षा जांच शुरू की गई।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एक बड़ा सुरक्षा संकट सामने आया। कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI2772 को उड़ान भरने से ठीक पहले हाईजैक की धमकी के बाद रोक दिया गया। विमान रनवे की ओर बढ़ते हुए होल्डिंग पॉइंट पर पहुंच चुका था, तभी चालक दल (क्रू मेंबर्स) को टॉयलेट में एक हस्तलिखित पर्ची मिली, जिसमें विमान को अगवा करने की चेतावनी दी गई थी।

आइसोलेशन बे में भेजा गया विमान, जांच एजेंसियां सक्रिय

धमकी भरा नोट मिलते ही केबिन क्रू ने तुरंत पायलट को सतर्क किया। पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को आपात स्थिति की सूचना दी। एटीसी के निर्देश पर विमान का टेक-ऑफ तत्काल रद्द कर दिया गया और उसे हवाईअड्डे के अलग-थलग हिस्से यानी आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय होते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बम निरोधक दस्ता और स्थानीय खुफिया एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।

विमान में 93 यात्रियों सहित 108 लोग थे सवार

उड़ान भरने के लिए तैयार एयरबस A320 विमान (पंजीकरण संख्या VT-TNH) में कुल 108 लोग सवार थे। इनमें 93 यात्री, 5 केबिन क्रू सदस्य और 10 अन्य एयरलाइन कर्मचारी शामिल थे। इस विमान को सुबह 10:20 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। धमकी सामने आने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

नोट की लिखावट और संभावित खतरे की पड़ताल जारी

सुरक्षा दल विमान के भीतर किसी भी संदिग्ध वस्तु, बैग या विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए विस्तृत तलाशी ले रहे हैं। इसके साथ ही टॉयलेट में मिले नोट की लिखावट और उसमें इस्तेमाल किए गए कागज की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह संदेश किसने और किस समय वहां रखा था। सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू की भी जांच कर रही हैं कि यह किसी यात्री की गंभीर साजिश थी या फिर महज कोई दुर्भावनापूर्ण शरारत। पूरी सुरक्षा मंजूरी और क्लीयरेंस मिलने के बाद ही विमान के संचालन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Read more

Related News