New Delhi News: मुगल शासक बाबर ने 17 नवंबर 1525 को काबुल से भारत की ओर अपना पांचवां और निर्णायक सैन्य अभियान शुरू किया था। बाबरनामा के अनुसार, इससे पहले 1519 से 1524 के बीच उसने उत्तर-पश्चिमी सीमांत और पंजाब क्षेत्र में चार अभियान चलाए थे, लेकिन स्थानीय प्रतिरोध और आंतरिक मतभेदों के कारण उसे बार-बार लौटना पड़ा।
मुगल शासक बाबर ने 17 नवंबर 1525 को काबुल से हिंदुस्तान की ओर अपना पांचवां अभियान शुरू किया था। अपनी आत्मकथा ‘बाबरनामा’ के अनुसार, लगभग 12 हजार सैनिकों के साथ सिंधु नदी पार कर उसने पहले लाहौर और दीपालपुर पर नियंत्रण किया और फिर दिल्ली की ओर कदम बढ़ाया। इसकी सूचना मिलने पर दिल्ली के सुल्तान इब्राहिम लोदी अपनी सेना के साथ उसे रोकने के लिए पानीपत पहुंचे। वर्ष 1526 में हुए पानीपत के इस युद्ध में इब्राहिम लोदी की हार हुई और भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी।
हालांकि, दिल्ली की सत्ता तक पहुंचने का बाबर का यह पहला प्रयास नहीं था। बाबरनामा में 1519 से 1526 के बीच हिंदुस्तान की ओर किए गए कुल पांच अभियानों का उल्लेख मिलता है। इससे पहले के चार प्रयासों में कभी स्थानीय विरोध, कभी सहयोगियों की फूट तो कभी मध्य एशिया की राजनीतिक परिस्थितियों के कारण उसे वापस लौटना पड़ा था।
पहला हमला (1519): बाजौर और भेरा पर अधिकार के बाद लौटना पड़ा
बाबर ने जनवरी 1519 में अफगानिस्तान से भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा की ओर पहला अभियान चलाया। उसका पहला निशाना बाजौर का किला था, जहां अफगान कबीलों से कड़े मुकाबले के बाद उसने तोपों और बंदूकों की मदद से किले पर कब्जा कर लिया। इसके बाद वह झेलम नदी के पास स्थित भेरा पहुंचा। बाबर ने सैनिकों को स्थानीय लोगों, फसलों और पशुओं को नुकसान न पहुंचाने का आदेश दिया, जिसके चलते वहां के लोगों ने उसकी अधीनता स्वीकार कर ली। बाबर वहां अपने एक अधिकारी को नियुक्त कर काबुल लौट गया, लेकिन उसके जाते ही स्थानीय लोगों ने विद्रोह कर उस अधिकारी को खदेड़ दिया।
दूसरा हमला: पेशावर की ओर सैन्य कार्रवाई
पहले अभियान के बाद उत्पन्न परिस्थितियों में बाबर ने दूसरा अभियान यूसुफजई अफगान कबीलों के विरुद्ध चलाया और उसकी सेना पेशावर की दिशा में आगे बढ़ी। कई इतिहासकार इसे केवल अफगान कबीलों के खिलाफ एक सैन्य कार्रवाई मानते हैं, क्योंकि इस दौरान बाबर सिंधु नदी पार कर भारतीय मैदानी इलाकों में प्रवेश नहीं कर सका था। हालांकि, बाबर ने अपनी आत्मकथा में इसे हिंदुस्तान की ओर अपना दूसरा अभियान माना है।
तीसरा हमला (1520): सियालकोट तक पहुंचने के बाद रुका अभियान
वर्ष 1520 में बाबर ने एक बार फिर सिंधु और झेलम नदियों को पार कर पंजाब की ओर कूच किया और सियालकोट तक जा पहुंचा। यहां के स्थानीय शासकों ने उसकी अधीनता स्वीकार कर ली। इसके बाद वह वर्तमान पाकिस्तान में स्थित एमिनाबाद की ओर बढ़ा, जहां उसे कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। जब बाबर सिरहिंद की दिशा में आगे बढ़ रहा था, तभी उसके सहयोगियों के बीच मतभेद उभर आए और उसे अपना अभियान बीच में ही रोककर काबुल लौटना पड़ा। इस तरह पंजाब पर उसका नियंत्रण स्थायी नहीं रह सका।
चौथा हमला: लाहौर और दीपालपुर पर जीत, पर दौलत खान से हुए मतभेद
लगातार विफल हो रहे अभियानों के बीच बाबर को दिल्ली की आंतरिक राजनीति से नया अवसर मिला। दिल्ली के सुल्तान इब्राहिम लोदी की नीतियों से नाराज पंजाब के सूबेदार (गवर्नर) दौलत खान लोदी और इब्राहिम लोदी के चाचा आलम खान ने बाबर को भारत आने का निमंत्रण दिया। दोनों चाहते थे कि बाबर इब्राहिम लोदी को सत्ता से हटाने में उनकी सहायता करे।
बाबर ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए लाहौर में इब्राहिम लोदी की सेना को पराजित किया और दीपालपुर पर कब्जा कर लिया। हालांकि, पंजाब में सत्ता के बंटवारे को लेकर बाबर और दौलत खान लोदी के बीच मतभेद हो गए और दौलत खान उसके विरुद्ध हो गया। दूसरी ओर मध्य एशिया में उज्बेकों के खतरे को देखते हुए बाबर पंजाब में कुछ सैनिक छोड़कर पुनः काबुल लौट गया। इसके बाद उसने 17 नवंबर 1525 को अपना पांचवां अभियान शुरू किया, जो पानीपत की विजय के साथ पूरा हुआ। (फोटो साभार: विकीपीडिया)