New Delhi News: अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ में अपनी 1984 की सुपरहिट फिल्म ‘शराबी’ से जुड़े एक दिलचस्प सवाल का जवाब दिया। एक कंटेस्टेंट के पूछने पर उन्होंने साफ किया कि फिल्म में नशे का किरदार निभाने के लिए उन्होंने कभी शराब नहीं पी थी, बल्कि वह केवल उनकी अदाकारी का हिस्सा था।
अमिताभ बच्चन ने अपनी वर्ष 1984 में आई चर्चित फिल्म ‘शराबी’ के सेट से जुड़ा एक बड़ा राज खोला है। ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ के मंच पर एक कंटेस्टेंट से बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म में शराबी का किरदार निभाने के लिए उन्होंने कभी शराब नहीं पी थी, बल्कि वह पूरी तरह से उनका अभिनय था।
दरअसल, शो के दौरान वीडियो कॉल पर जुड़े कंटेस्टेंट बिमल ने अमिताभ बच्चन से इस फिल्म का जिक्र किया। बिमल ने बताया कि वे यह फिल्म कम से कम 50 बार देख चुके हैं। इसके बाद उन्होंने बिग बी से पूछा कि फिल्म में उनका नशे में रहने वाला अंदाज स्वाभाविक था या केवल अभिनय का हिस्सा था।
अमिताभ बच्चन ने बताया- वह केवल नाटक था
कंटेस्टेंट के इस सवाल पर अमिताभ बच्चन ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, “क्योंकि आपने सवाल पूछा है तो हम उसका जवाब देंगे, साहब… हमने शराब पीकर एक्टिंग नहीं की है। वह जो भी है, केवल नाटक है।”
इसके साथ ही बिग बी ने फिल्म की कहानी और अपने सह-कलाकार दिवंगत अभिनेता ओम प्रकाश को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस फिल्म की कहानी बहुत पसंद है, विशेषकर इसमें दिखाया गया पिता और बेटे का रिश्ता उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने ओम प्रकाश के किरदार और उनके साथ अपनी दोस्ती के दृश्यों की भी सराहना की।
1984 में रिलीज हुई थी फिल्म ‘शराबी’
प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘शराबी’ साल 1984 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा जया प्रदा, प्राण और ओम प्रकाश ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म में अमिताभ ने विक्की कपूर नामक एक अमीर कारोबारी के बेटे की भूमिका अदा की थी, जो अपने पिता से भावनात्मक दूरी के कारण शराब का सहारा लेता है। यह फिल्म पिता-पुत्र के रिश्तों और विक्की के जीवन के संवेदनशील पहलुओं को दर्शाती है। बता दें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर होता है।