फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से राहत, यूपी सरकार की याचिका खारिज

Share

- Advertisement -

New Delhi News: फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के 24 मई 2024 के आदेश को बरकरार रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल याचिका को खारिज कर दिया। इसके साथ ही अदालत ने आजम खान की पत्नी तंजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी इस मामले में राहत प्रदान की है।

तंजीन फातमा और अब्दुल्ला आजम की अपीलों को भी मिली मंजूरी

सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा 24 मई 2024 को दिए गए आदेश को यथावत रखा है। इसके अलावा, शीर्ष अदालत ने तंजीन फातमा और अब्दुल्ला आजम खान की उन अपीलों को भी स्वीकार कर लिया, जिनमें उन्हें समान राहत देने से इनकार किए जाने को चुनौती दी गई थी। इस निर्णय से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र विवाद में पूरे परिवार को बड़ी कानूनी राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि यह मामला रामपुर से भाजपा विधायक आकाश सक्सेना द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (एफआईआर) के बाद सामने आया था, जिसमें अब्दुल्ला आजम खान के दो जन्म प्रमाणपत्र होने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में निचली अदालत ने आजम खान, तंजीन फातमा और अब्दुल्ला आजम खान को दोषी ठहराया था। बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आजम खान की सजा पर रोक लगा दी थी, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में न्यायिक हिरासत में हैं आजम खान

एक ओर जहां जन्म प्रमाणपत्र मामले में आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है, वहीं एक दिन पहले ही उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) अदालत से झटका लगा था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) उन्हें गाजियाबाद स्थित विशेष PMLA अदालत में पेश करने के लिए ले गई थी, जहां से अदालत ने उन्हें 26 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।

Read more

Related News