New Delhi News: दिल्ली के आस्थाकुंज पार्क में नाबालिग लड़की से कथित गैंगरेप के मामले में दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में 450 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। वारदात के करीब 60 दिन बाद दाखिल इस आरोपपत्र में तीन आरोपियों आसिफ, हेमंत और मुकेश को नामजद किया गया है। पुलिस ने जांच में 55 गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों को शामिल किया है।
दिल्ली के आस्थाकुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच पूरी कर साकेत अदालत में 450 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। घटना के लगभग 60 दिन बाद पेश किए गए इस आरोपपत्र में पुलिस ने तीन आरोपियों— आसिफ, हेमंत और मुकेश— को नामजद किया है।
चार्जशीट में पीड़िता और उसकी सहेली सहित कुल 55 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने मामले को पुख्ता करने के लिए मोबाइल लोकेशन डेटा, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) जैसे तकनीकी सबूतों को भी आरोपपत्र का हिस्सा बनाया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, आपराधिक साजिश रचने और धमकी देने से संबंधित धाराओं के तहत आरोप तय किए गए हैं। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब अदालत में मामले की आगे की सुनवाई शुरू होगी।
जन्मदिन पर मंदिर दर्शन कर लौटते समय हुई थी वारदात
प्राथमिकी (FIR) में दर्ज पीड़िता के बयान के अनुसार, यह घटना 22 सितंबर को हुई थी, जिस दिन उसका जन्मदिन था। पीड़िता अपनी सहेली के साथ शाम करीब 4:55 बजे कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। दर्शन करने के बाद दोनों शाम लगभग 7 बजे मंदिर से बाहर निकलीं।
बाहर से चिप्स और पानी की बोतल खरीदने के बाद दोनों गेट नंबर 7 से आस्थाकुंज पार्क में प्रवेश कर गईं। वहां कुछ देर रुकने के बाद दोनों की योजना इस्कॉन मंदिर जाने की थी।
हथियार दिखाकर झाड़ियों की ओर ले जाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जब दोनों लड़कियां पार्क की एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रही थीं, तभी करीब 30 से 35 वर्ष की आयु के तीन युवक पीछे से वहां आ धमके। आरोप है कि युवकों ने पहले पीड़िता की सहेली को पकड़ा और उसे थप्पड़ मारा, साथ ही दोनों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
इसके बाद दो आरोपियों ने पीड़िता को झाड़ियों के पास चलने के लिए कहा। जब पीड़िता ने अपनी मां से बात कराने की गुहार लगाई, तो एक आरोपी ने दूसरे से कथित तौर पर कहा, “आसिफ भाई बंदूक निकालो।” इसके बाद हथियार दिखाकर पीड़िता को पार्क के अंधेरे हिस्से में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।