अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया 35 मुकदमों का आरोपी वाहिद अंसारी, एसपी डॉ. प्राची सिंह बाल-बाल बचीं

Share

- Advertisement -

Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में गाजीपुर का कुख्यात अपराधी वाहिद अंसारी मारा गया। शिवबाबा धाम के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें थाना प्रभारी घायल हो गए और एसपी डॉ. प्राची सिंह बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण सुरक्षित बच गईं।

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के थाना कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र स्थित शिवबाबा धाम के पास बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पुलिस की गोली से घायल हुए कुख्यात अपराधी वाहिद अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का निवासी था और उस पर हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कुल 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर भागे थे बदमाश

पुलिस के अनुसार, बीती रात क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। शिवबाबा धाम के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी, जिसकी निगरानी स्वयं पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. प्राची सिंह एसओजी टीम के साथ कर रही थीं। इसी दौरान रात करीब 12 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक बैरियर तोड़कर भागने लगे।

जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में थाना प्रभारी गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों ने एसपी डॉ. प्राची सिंह पर भी गोली चलाई, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, एक बदमाश फरार

हमले के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए बदमाशों की घेराबंदी की और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और वहां से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सऊदी अरब से लौटकर अपराध की दुनिया में रखा था कदम

मृतक की पहचान गाजीपुर के बहरियाबाद निवासी वाहिद अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वाहिद पहले सऊदी अरब में रहता था और वहां से लौटने के बाद धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। वह गोरखपुर के कैंट थाने से भी वांछित था और पूर्वांचल में हथियारों की तस्करी व सुपारी लेकर हत्या करने के लिए कुख्यात बिट्टू इंदौरी गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।

पुलिस की फाइलों में वाहिद की पहचान लूट, डकैती, हत्या और अवैध हथियारों के बड़े सप्लायर के रूप में दर्ज थी। फिलहाल पुलिस फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Read more

Related News