Bhopal News: मध्य प्रदेश सरकार ने सेना की वरिष्ठ महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने मंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने की कानूनी मंजूरी देने से साफ इनकार कर दिया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की अगुवाई में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिस पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने भी अपनी सहमति दे दी है। सरकार अब इस फैसले के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पांच बिंदुओं पर आधारित विस्तृत जवाब पेश करने जा रही है।
सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पेश किए अपने पांच प्रमुख तर्क
सरकार की दलील है कि मंत्री के बयान के बाद किसी भी व्यक्ति ने उनके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इसके साथ ही मंत्री ने अपने भाषण में सीधे तौर पर कर्नल सोफिया का नाम नहीं लिया था और उनका मकसद किसी को अपमानित करने का बिल्कुल नहीं था।
जवाब में कहा गया है कि इस टिप्पणी से सामाजिक सौहार्द पर कोई असर नहीं पड़ा और विवाद बढ़ने पर मंत्री पहले ही सार्वजनिक माफी मांग चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट में एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ने पीठ को सूचित किया कि मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुकी है।