सतना और चित्रकूट में भारी बारिश से मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़, देश के 26 राज्यों में अलर्ट

Share

- Advertisement -

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना और धर्मनगरी चित्रकूट में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे गंभीर हालात बन गए हैं। मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट के उफान पर बह रही है। गोरगी बांध टूटने से कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है, जबकि रामघाट का 300 मीटर लंबा पुल भी तेज बहाव में बह गया है।

नागौद, बिरसिंहपुर और मझगवां समेत कई इलाकों में नदी-नाले खतरे के निशान से ऊपर हैं। बिरसिंहपुर में कमर तक पानी भरने से घरों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। नागौद थाने व पेट्रोल पंप में पानी भर गया। कोठी क्षेत्र में कच्चा मकान गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई और सड़कों पर नावें चलने लगीं‌।

सती अनुसुइया आश्रम के रास्ते बंद, एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाले गए लोग

चित्रकूट में सती अनुसुइया आश्रम समेत कई धार्मिक स्थलों के संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं और छतों पर फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया। रेलवे ट्रैक पर जलभराव से चित्रकूट के पास दो ट्रेनें रुक गईं और मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग प्रभावित हुआ‌।

मौसम विभाग का 5 दिन का यलो अलर्ट, 26 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम के चलते रीवा संभाग में अगले पांच दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 30 अगस्त को देश के 26 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। प्रशासन ने लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है‌।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News