Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के सातवें दिन संजौली कॉलेज और हरिदेवी विधि संस्थान के करीब 150 विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही देखी। कार्यवाही शुरू होने से पहले छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात कर संसदीय व्यवस्था और सत्र संचालन से जुड़े कई सवाल पूछे।
अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने छात्रों से बातचीत के दौरान युवाओं की संवैधानिक व्यवस्था में बढ़ती रुचि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि किताबों में पढ़ी जाने वाली संसदीय प्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखना विद्यार्थियों के लिए एक बेहद व्यावहारिक और महत्वपूर्ण अनुभव साबित होगा।
पठानिया ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है। आज के युवा ही देश का भविष्य संभालेंगे। इसी सोच के तहत विद्यार्थियों को विधानसभा में आमंत्रित किया गया है ताकि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संघीय ढांचे को करीब से समझ सकें।
उन्होंने याद दिलाया कि इस सदन में आयोजित छात्र संसद काफी सफल रही थी। उसमें युवाओं ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अध्यक्ष की भूमिका निभाकर ज्वलंत मुद्दों पर उपयोगी चर्चा की थी। विधानसभा अध्यक्ष ने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।