Kathmandu News: नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बीच एक दिल दहला देने वाला रेस्क्यू वीडियो सामने आया है। पानी से घिरे एक मकान की छत पर फंसे लड़के ने मदद पाने के लिए हवा में अपनी टी-शर्ट लहराई। नेपाल सेना के हेलीकॉप्टर ने मौके पर पहुंचकर लड़के को हवा में ही सुरक्षित एयरलिफ्ट कर लिया।
वायरल फुटेज में लड़का चारों तरफ से उफनते पानी से घिरे मकान की छत पर खड़ा दिखाई देता है। बचने का कोई रास्ता न देख वह छत के सबसे ऊंचे हिस्से पर चढ़ गया। उसने आसमान में आते हेलीकॉप्टर को देखकर लगातार अपनी टी-शर्ट लहराई ताकि बचाव दल को अपनी लोकेशन बता सके।
नेपाल सेना के जवानों ने हवा में खींचा
नेपाल सेना का हेलीकॉप्टर छत के बिल्कुल ऊपर पहुंचा और हवा में मंडराने लगा। विमान के करीब आते ही लड़के ने नीचे लटके लैंडिंग स्किड को मजबूती से पकड़ लिया। इसके बाद अंदर बैठे सेना के जवान ने लड़के का हाथ पकड़कर उसे सुरक्षित ऊपर खींच लिया और उसकी जान बचाई।
इस बेहद जोखिम भरे और तनावपूर्ण बचाव अभियान को देखकर नीचे मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। सोशल मीडिया पर इस साहसिक रेस्क्यू का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। विनाशकारी बाढ़ के इस मुश्किल दौर में सेना की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की चौतरफा सराहना हो रही है।