Kathmandu News: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और त्रासदी के बीच लूटपाट की शर्मनाक घटनाएं सामने आई हैं। त्रिशूली नदी के किनारे पानी में बहकर आई एक तिजोरी को तोड़कर करीब 92.68 लाख रुपये लूटने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक मृत महिला के शव से सोने की बालियां चुराने वाले दो आरोपी भी पकड़े गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह तिजोरी भोटेकोशी इलाके में आई भीषण बाढ़ में बह गई थी। बाद में यह धाडिंग जिले के गलछी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में त्रिशूली नदी किनारे मिली। स्थानीय लोगों द्वारा तिजोरी तोड़कर नकदी निकालने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर 29 आरोपियों को 92,68,505 रुपये नकद सहित हिरासत में लिया।
शव से गहने चुराने का वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई
अधिकांश गिरफ्तार आरोपी स्थानीय मस्तर, आदमघाट और आदमतर इलाके के निवासी हैं, जबकि कुछ अन्य चितवन और परसा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब बरामद नकदी के वास्तविक स्रोत और बैंक खाते की पड़ताल कर रही है। वहीं नारायणी नदी में बहकर आई मृत महिला के कान से सोने की बालियां खींचने का वीडियो वायरल होने के बाद दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया।
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने बाढ़ से हुए नुकसान के आंकड़े संशोधित किए हैं। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार देश में इस जलप्रलय से मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है, जबकि 2,426 लोग अभी भी लापता हैं। सुरक्षा बल आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ-साथ गश्त बढ़ाकर निगरानी रख रहे हैं।