हरियाणा के पानीपत में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख के बिल पास करने के नाम पर महिला ग्राम सचिव 1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Panipat News: हरियाणा के पानीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक महिला ग्राम सचिव किरण को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोप है कि उसने ठेकेदार के 15 लाख रुपये के बकाया बिल पास करने के बदले इस घूस की मांग की थी। शिकायत मिलते ही जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की।

पीड़ित ठेकेदार राजकुमार ने बताया कि उसने ग्राम सचिव को हमेशा बहन जैसा सम्मान दिया। वह तीज-त्योहारों पर उनके घर कोथली भी लेकर जाता था। इसके बाद भी काम कराने के नाम पर उससे लगातार रुपयों की मांग की जाती रही। रिश्ते का मान रखने के बावजूद सचिव का रवैया नहीं बदला।

ठेकेदार के अनुसार, आरोपी सचिव इससे पहले भी अलग-अलग काम के बिल पास करने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये ले चुकी थी। जब 15 लाख रुपये के नए बिल पास कराने की बात आई, तो उसने कथित तौर पर 1 लाख 20 हजार रुपये मांगे। बाद में बातचीत के दौरान 1 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

लगातार हो रही मांग से तंग आकर ठेकेदार ने इसकी औपचारिक शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। जांच के बाद ब्यूरो ने जाल बिछाया और ठेकेदार को रिश्वत की रकम देकर भेजा। जैसे ही महिला सचिव ने पैसे लिए, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News