Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में दो स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय विजय कुमार निवासी गांव भिड़ के रूप में हुई है। पहली शिकायत में एक महिला ने बताया कि 22 अगस्त को उनकी 11 साल की बेटी स्कूल से लौट रही थी। आरोपी ने रास्ते में बच्ची को रोका और उसके साथ गलत हरकत की।
दूसरी घटना में भी आरोपी ने एक अन्य 11 वर्षीय बच्ची को जबरन झाड़ियों की तरफ खींचने की कोशिश की। हालांकि, बच्ची ने बहादुरी दिखाते हुए खुद को आरोपी से छुड़ाया और घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने किहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो कानून की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सलूणी के एसडीपीओ रंजन शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।