Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में अलग-अलग क्षेत्रों से दो लड़कियों के अचानक अगवा होने का मामला सामने आया है। इनमें से एक लड़की नाबालिग बताई जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच तेज कर दी है।
भरमौर और चुवाड़ी पुलिस थानों में अलग-अलग शिकायतें दर्ज
जानकारी के अनुसार पहला मामला भरमौर थाना क्षेत्र का है, जहां एक पिता ने अज्ञात व्यक्ति पर अपनी बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरा मामला चुवाड़ी थाने में दर्ज हुआ है। चुवाड़ी क्षेत्र की एक महिला ने भी अज्ञात शख्स के खिलाफ अपनी बेटी के अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई है।
चंबा एसपी ने की मामले की पुष्टि और जांच शुरू
चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने दोनों घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी दोनों क्षेत्रों में संदिग्धों का सुराग जुटा रहे हैं ताकि अगवा युवतियों को जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके।