Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में पत्नी को घर छोड़ने के लिए उकसाने के शक में एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी हीरा नागेश (32) का मंगलवार रात पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह उठने से पहले पत्नी मायके चली गई। सुबह छह बजे जागने पर पत्नी को न पाकर आरोपी ने पड़ोसी नरेंद्र (25) पर जानलेवा हमला किया, जो भागकर बच निकला और अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद उसने खोलबहरा नागेश (38) पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
मिर्ची का धुआं छोड़कर 50 जवानों ने आरोपी को किया काबू
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर में बंद कर लिया और पुलिस टीम पर गुलेल से हमला किया, जिसमें कुछ जवान घायल हुए। स्थिति संभालने के लिए मैनपुर पुलिस और 50 से अधिक जवानों को तैनात किया गया। पुलिस ने मकान के खपरैल से मिर्ची का धुआं छोड़ा, जिसके बाद बाहर निकले आरोपी को जवानों ने काबू में किया।
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि आरोपी राज मिस्त्री का काम करता है और नशे का आदी है। दोबारा नशा शुरू करने के बाद उसका स्वभाव आक्रामक हो गया था और अक्सर घरेलू विवाद करता था। पुलिस ने आरोपी को विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।