दक्षिण दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ग्रेटर कैलाश के मंदिर से चांदी का सांप चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Delhi News: दक्षिण दिल्ली पुलिस ने ग्रेटर कैलाश-1 स्थित मंदिर से चांदी की सांप की मूर्ति चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला एक जौहरी भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहित शर्मा (40) ने ग्रेटर कैलाश-1 के सनातन धर्म सत्संग सभा मंदिर से चांदी का सांप चुराया था। इसके बाद उसने मूर्ति को पिघलाकर करोल बाग के एक जौहरी भरत गांधी (35) को बेच दिया था, जिसे भी पुलिस ने दबोच लिया है।

सीसीटीवी फुटेज से हुई चोर की पहचान

घटना के संबंध में 6 अगस्त को ग्रेटर कैलाश-1 थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से आरोपी मोहित शर्मा की पहचान हुई, जिसके बाद उसे धर दबोचा गया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी मोहित ने खुलासा किया कि उसने चोरी की मूर्ति को पिघलाकर करोल बाग के एक सुनार को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जौहरी भरत गांधी का पता लगाया और उसे चोरी का माल खरीदने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हुआ 800 ग्राम पिघला सोना-चांदी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी जौहरी के कब्जे से लगभग 800 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की गई है। यह चांदी उसी मंदिर से चोरी हुई सांप की मूर्ति की थी, जिसे पिघलाकर धातु के रूप में रख लिया गया था।

इसके अलावा, आरोपी के पास से बिक्री से मिले 1.10 लाख रुपये नकद और चोरी के अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News