Tokyo News: सोशल मीडिया पर एक जापानी युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उसने कुत्ता बनने के लिए 220 करोड़ रुपये की सर्जरी कराई। फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह से गलत साबित हुआ है। असल में युवक ने सर्जरी नहीं कराई, बल्कि लाखों रुपये की एक स्पेशल कॉस्ट्यूम बनवाई थी।
जानिए कौन है इंटरनेट पर वायरल यह ‘डॉग मैन’
जापान के सैतामा निवासी टोको (Toco) को बचपन से ही जानवरों जैसा जीवन जीने की इच्छा थी। अपने इस अनोखे सपने को पूरा करने के लिए उसने जापानी कंपनी जेपेट से बिल्कुल असली कुत्ते जैसी दिखने वाली कॉस्ट्यूम तैयार कराई। कंपनी को इसे बनाने में करीब 40 दिनों का समय लगा था।
220 करोड़ रुपये की सर्जरी का दावा पूरी तरह गलत
वायरल दावों में कहा गया कि टोको ने सर्जरी पर 220 करोड़ रुपये खर्च किए, जो कि झूठा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने इस कॉस्ट्यूम के लिए करीब 20 लाख जापानी येन (लगभग 11 लाख भारतीय रुपये) दिए थे। इंटरनेट पर रकम को गलत तरीके से बहुत बढ़ाकर और सर्जरी से जोड़कर फैलाया जा रहा है।
जानिए क्या है टोको के कुत्ता बनने का असली राज
यह कॉस्ट्यूम चार किलो वजनी है और इसे कॉली (Collie) नस्ल के कुत्ते की तरह बनाया गया है। इसमें मुंह, पूंछ और पंजों को असली रूप दिया गया है। टोको ने इसे पहनकर कुत्ते की तरह चलने, लुढ़कने और खेलने का अभ्यास किया। पहली नजर में इंसान को पहचानना बेहद मुश्किल हो जाता है।
अनोखे शौक को टोको ने बदला बिजनेस मॉडल में
टोको ने अपने इस शौक को एक अनोखे बिजनेस में बदल दिया है। अब वह लोगों को कुत्ता बनने का अहसास कराने के लिए यह कॉस्ट्यूम किराये पर देता है। उसने अलास्कन मलाम्यूट नस्ल का एक और सूट तैयार कराया है। सोशल मीडिया पर लोग इस अनोखे कॉस्ट्यूम आर्ट को देखकर हैरान हैं और लगातार कमेंट कर रहे हैं।