हिमाचल प्रदेश के चम्बा में पति की दरिंदगी से 7 महीने की गर्भवती महिला का हुआ गर्भपात, पुलिस ने दर्ज किया केस

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी 7 महीने की गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके कारण पीड़िता का गर्भपात हो गया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी साल 2013 में हुई थी। दंपति के पहले से 6 बच्चे हैं। महिला 7 महीने की गर्भवती थी और उसका पति पिछले कुछ समय से लगातार प्रताड़ित कर रहा था। लगभग 5-6 दिन पहले जब वह जंगल से लौट रही थी, तब आरोपी ने पहली बार रास्ते में बुरी तरह पीटा।

पति के अत्याचारों से परेशान होकर महिला ने अपने मायके जाने का फैसला किया। आरोपी पति ने उसे रास्ते में दोबारा रोक लिया और फिर से गंभीर रूप से पीटा। इस निर्मम हमले के कारण गर्भवती महिला को गंभीर चोटें आईं और भारी ब्लीडिंग होने लगी। इसके बाद पीड़िता किसी तरह अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती बताई।

मां के साथ थाना तीसा पहुंचकर महिला ने आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला को तुरंत सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज चम्बा रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान 6 अगस्त को डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद महिला का गर्भपात हो गया। पीड़िता ने अपने 7 महीने के बच्चे को खो दिया।

इस दर्दनाक घटना पर चम्बा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News