Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार करते हुए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों की काली कमाई से बनी संपत्ति को जब्त कर नीलाम किया जाएगा और उससे मिलने वाले पैसे को गरीबों में बांटा जाएगा।
सीएम सुक्खू ने शिमला जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार पर बद्दी में 5,000 बीघा जमीन कौड़ियों के भाव देने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में बड़ी कानूनी जीत हासिल की है। इसके अलावा जेएसडब्ल्यू से 18 फीसदी फ्री बिजली हिस्सेदारी तय की है। वहीं किशाऊ प्रोजेक्ट में राज्य के हितों की रक्षा से हिमाचल को सालाना 600 करोड़ का अतिरिक्त फायदा होने की उम्मीद है।
गरीबों के कल्याण के लिए सरकार जल्द ही ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत 1.75 लाख अति निर्धन परिवारों को फायदा मिलेगा। साथ ही 10 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा देने की योजना तैयार हो रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए 150 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न लागू किया गया है। अस्पतालों में खाली पद भरे जा रहे हैं और आधुनिक थ्री टेस्ला एमआरआई मशीनें लगाई जा रही हैं। सीएम ने जिला परिषद कर्मचारियों की मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में 48 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने मशोबरा में नए बीडीओ ऑफिस भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा ग्रामीण ठोस कचरा प्रबंधन योजना के तहत 137 कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।