Dehra News: हिमाचल प्रदेश की पुलिस जिला देहरा ने विदेश में काम करने वाले एक युवक के साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता पाई है। पुलिस ने मामले में 90 लाख रुपये नकद, 801 अमेरिकी डॉलर, पासपोर्ट, जमीन के कागजात और 1.324 किलो सोना समेत कई कीमती गहने बरामद किए हैं।
पुलिस ने इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अग्रिम जमानत पर बाहर हैं। रक्कड़ थाना क्षेत्र के मौआ गांव के रहने वाले अविनाश ने 29 जून को अपने ही रिश्तेदारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में करोड़ों के गहने और नकद हड़पने का आरोप था।
पीड़ित अविनाश का आरोप था कि रिश्तेदारों ने धोखे से उसका लगभग 4 से 4.5 किलोग्राम सोना, चांदी, हीरे के आभूषण, 2.5 करोड़ रुपये नकद, पासपोर्ट और जमीन के दस्तावेज हड़प लिए। घटना के तीन महीने बाद शिकायत मिलने की वजह से पुलिस के लिए शुरुआती सबूत जुटाना काफी चुनौतीपूर्ण काम था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहरा संदीप धवल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। इस टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरपी जसवाल, डाडासीबा थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान, रक्कड़ थाना प्रभारी इल्मदीन और साइबर सेल के प्रभारी को शामिल कर जांच तेजी से शुरू की गई।
तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने 1 जुलाई को निहारी निवासी राजकुमार व तृप्ता देवी और कटोह की रहने वाली राजकुमारी व प्रतीक्षा शर्मा को पकड़ा। इनके पास से एक संदिग्ध ब्रीफकेस, 801 डॉलर, पासपोर्ट, जमीन के दस्तावेज और कुछ सोने व हीरे के गहने बरामद किए गए।
इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पंजाब के डेराबस्सी (मोहाली) स्थित एक मकान पर रेड मारी। वहां से पुलिस को भारी मात्रा में नकद और कीमती आभूषण मिले। इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस ने नेहा, हरवंश और ब्रज भूषण नाम के तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामले में आरोपी बनाई गई प्रतिभा शर्मा और भारती ने शिमला हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत ले रखी है। हालांकि, पुलिस उन्हें भी जांच में शामिल कर पूछताछ कर रही है। अब तक पुलिस कुल दो करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत का सामान और नकद अपने कब्जे में ले चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी बची हुई नकदी और गहनों की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। इसके साथ ही इस पूरे फ्रॉड में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूरी प्रक्रिया खत्म होने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।