Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 40 वर्षीय शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी को अपनी ही मौसी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने शराब, पार्टियों और अपनी आलीशान जिंदगी का खर्च उठाने के लिए इस वारदात की योजना बनाई थी। मृतका की पहचान 65 वर्षीय कमला देवी के रूप में हुई है।
कमला देवी जयपुर के सांभर क्षेत्र की रहने वाली थीं और 30 जुलाई को अपने घर में मृत मिली थीं। परिजनों ने घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब होने की जानकारी दी। घटना के बाद मृतका के दामाद प्रकाश नारायण शर्मा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट और हत्या का केस दर्ज कराया था।
शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका की भांजी ललिता को हिरासत में लिया। कुचामन निवासी ललिता ने कड़ी पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके प्रेमी बबलू मीणा (26) को भी पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने घर की रेकी की थी। रात के समय घर में घुसकर दोनों ने लूटपाट की और बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख रुपये के गहने, नकदी, एटीएम कार्ड और पहचान पत्र बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने की चूड़ियां, इयररिंग्स, पायल और सिक्के शामिल हैं।