Amritsar News: अमृतसर के छेहरटा स्थित न्यू मॉडल टाउन में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही सगी बहन पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता की पहचान मुंबई निवासी नवदीप कौर के रूप में हुई है। हमले में नवदीप की टांग में कई जगह गंभीर फ्रैक्चर आया है। इसके चलते पीड़िता का ऑपरेशन किया गया है और अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक नवदीप कौर जैसे ही घर से बाहर निकली, तभी एक कार आकर रुकी। कार से उसके पिता और छोटा भाई नीचे उतरे। इसके तुरंत बाद छोटे भाई ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। फुटेज में युवती खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आ रही है।
पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते हुआ हमला
पीड़िता के बड़े भाई मनदीप सिंह ने बताया कि नवदीप मुंबई से अमृतसर आई थी। ससुराल जाने के दौरान उस पर हमला हुआ। आरोप है कि हमले के वक्त पिता ने बीच-बचाव नहीं किया। बाद में परिवार की अन्य महिला के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मनदीप सिंह का आरोप है कि घटना के पीछे संपत्ति का विवाद है। छोटा भाई पूरी पारिवारिक जायदाद अपने नाम कराना चाहता है। इसको लेकर घर में पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छेहरटा थाने के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि कुछ लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।