Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, मंडी, सिरमौर और सोलन जिलों में 4 अगस्त तक फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है।
हिमाचल में 9 अगस्त तक लगातार बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 9 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। सोमवार सुबह शिमला शहर और आसपास के इलाकों में धुंध और बादलों का असर देखा गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश, बादलों की आवाजाही और धूप का मिला-जुला असर रहा।
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 75.8 मिलीमीटर बारिश सिरमौर के पांवटा साहिब में दर्ज की गई। इसके अलावा नैना देवी में 68.2 मिमी, कोठी में 35.2 मिमी, मुरारी देवी में 33 मिमी और रामपुर में 30 मिमी वर्षा हुई। धर्मशाला में 28 मिमी, गोहर में 22 मिमी, ददाहू में 20 मिमी और नंगल डैम में 15.4 मिमी बारिश हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बढ़ेगी बारिश
सुंदरनगर, मुरारी देवी और कांगड़ा में गरज के साथ बिजली चमकने की सूचना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 7 अगस्त तक विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 8 और 9 अगस्त को भी तेज बारिश का अनुमान है। 4 अगस्त से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
इस बीच शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में सोमवार सुबह भूस्खलन हुआ। प्रेमघाट बाईपास सड़क पर पहाड़ी से मलबा गिरने से खड़ी कार (HP23D-7742) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाकर रास्ता बहाल कर दिया है। राज्य में फिलहाल करीब 100 सड़कें बंद हैं।