Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम दफ्तर, कसौली एसडीएम कार्यालय और डगशाई पब्लिक स्कूल को धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया और तीनों जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत कर दी गई।
पुलिस की विशेष टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और इमारतों की बारीकी से चेकिंग शुरू की। पुलिस अधीक्षक एस. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में तीन जगहों पर धमकी भरे ईमेल आए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और हर जगह बल तैनात किया है।
डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले आरोपी की पहचान के लिए साइबर जांच चल रही है। एसपी ने बताया कि जिले में केवल एक डॉग स्क्वायड टीम मौजूद है। इसलिए उसी टीम को बारी-बारी से तीनों संवेदनशील स्थानों पर भेजा जा रहा है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते से भी लगातार तालमेल बनाया गया है।
इस अप्रत्याशित घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता और दहशत का माहौल है। लोगों ने सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि पुलिस को दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि जनता का भरोसा बना रहे। पुलिस ने सभी से अफवाहों से बचने की अपील की है।