New Delhi News: सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी जनवरी के अपने रिकॉर्ड हाई से 64 प्रतिशत तक टूट गई है, जबकि सोना भी अपने शिखर से 31.5 प्रतिशत सस्ता हो गया है। एमसीएक्स पर एक किलो चांदी का भाव अपने लाइफ टाइम हाई से 2.71 लाख रुपये से ज्यादा नीचे आ गया है।
इस साल की शुरुआत में सोना-चांदी दोनों कीमती धातुएं अपने निवेशकों को मालामाल करती नजर आ रही थीं, लेकिन फिर इनमें ऐसा क्रैश शुरू हुआ कि निवेश करने वाले कंगाल होते नजर आए। 29 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में 121.785 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड हाई पर पहुंची चांदी की कीमत बीते 19 नवंबर तक गिरकर 44.025 डॉलर प्रति औंस रह गई।
कॉमैक्स पर 63.9% का करेक्शन, सोना भी टूटा
कॉमैक्स पर चांदी की कीमत में बीते दस महीने से भी कम समय में लगभग 63.9 प्रतिशत का करेक्शन देखने को मिला है। बारचार्ट के एनालिसिस के अनुसार, सपोर्टिव सप्लाई-डिमांड फंडामेंटल्स के बावजूद यह तेज गिरावट बिगड़ते इन्वेस्टर सेंटिमेंट, स्पेक्युलेटिव लिक्विडेशन और बढ़ी हुई वोलैटिलिटी की ओर इशारा करती है। सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि सोना भी जनवरी के अपने पीक से 31.5 प्रतिशत तक क्रैश हो गया है।
निवेशकों को नुकसान का गणित
जिन निवेशकों ने चांदी के पीक पर खरीदारी की थी, उनका निवेश बुरी तरह घटा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार के भाव के आधार पर गणना करें तो अगर किसी ने जनवरी में 121.785 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड प्राइस पर 10,000 डॉलर की चांदी खरीदी, तो उसे लगभग 82.11 औंस चांदी मिली होगी। अब इतनी होल्डिंग को वर्तमान के 44.025 डॉलर प्रति औंस के हिसाब से देखें तो इसकी कीमत लगभग 3,615 डॉलर रह गई होगी, यानी उसे करीब 6,385 डॉलर या लगभग 64 प्रतिशत का नुकसान हुआ। इस गणित में ट्रांजैक्शन कॉस्ट, टैक्स और करेंसी मूवमेंट शामिल नहीं हैं।
सप्लाई में कमी, फिर भी क्यों टूटी चांदी?
सिल्वर इंस्टीट्यूट का अनुमान है कि 2026 में दुनिया भर में चांदी की सप्लाई में 46.3 मिलियन औंस की कमी होगी, जबकि 2025 में यह 40.3 मिलियन औंस थी। फिर भी, स्पेक्युलेटिव सेलिंग ने इन सपोर्टिव फंडामेंटल्स को पीछे छोड़ दिया है। बारचार्ट के मुताबिक, चांदी की मंथली हिस्टॉरिकल वोलैटिलिटी 51.42 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि सोने की 25.25 प्रतिशत थी, जिससे चांदी लगभग दोगुनी वोलैटिलिटी वाली हो गई।
सिल्वर ईटीएफ या फंड-ऑफ-फंड रखने वाले भारतीय निवेशकों के लिए यह गिरावट डाइवर्सिफिकेशन, डिसिप्लिन्ड एलोकेशन और किसी एक कमोडिटी में ज्यादा एक्सपोजर से बचने के महत्व को दिखाती है। क्रैश होती सोना-चांदी की कीमतें धीरे-धीरे पैसे जमा करने के मौके दे सकती हैं, लेकिन निवेशकों को और पैसा लगाने से पहले अपनी रिस्क लेने की क्षमता और निवेश की अवधि का अंदाजा लगा लेना चाहिए।