Bhopal News: देश की 518 नदियों और उनसे जुड़ी जलधाराओं के किनारे कचरा फेंकने के 31,250 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित निगरानी समिति की अनुपालन रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, नदी-नालों के किनारे बिखरा कचरा जलस्रोतों को प्रदूषित कर रहा है।
यह रिपोर्ट भोपाल नगर निगम बनाम डॉ. सुभाष सी. पांडे मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित समिति ने तैयार की है। रिपोर्ट के अनुसार, कचरे को नदियों और जल निकायों में पहुंचने से रोकने के लिए 4,542 सिस्टम लगाए गए हैं। इसके बावजूद रिपोर्टिंग अवधि में 21,324.69 टन ठोस कचरा हटाया गया, जबकि दिल्ली में नालों से 1,95,571 टन सिल्ट निकाली गई। अवैध रूप से कचरा डालने पर 856 नोटिस जारी हुए और 942 कार्रवाई दर्ज की गईं।
तमिलनाडु में सबसे ज्यादा हॉटस्पॉट
राज्यों के आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 30,345 हॉटस्पॉट मिले हैं, जिनमें 30,238 नगरीय निकायों में और 107 नदियों के किनारे हैं। तमिलनाडु की सात नदियों और एक नहर का ब्योरा रिपोर्ट में दिया गया है। इसके बाद जम्मू और कश्मीर में 78, पंजाब में 47, गुजरात में 41, मेघालय में 39, हिमाचल प्रदेश में 37, उत्तराखंड में 34, महाराष्ट्र में 29, दमन द्वीप और दादरा नगर हवेली में 25 और पश्चिम बंगाल में 22 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं।
सिक्किम और ओडिशा में कोई हॉटस्पॉट नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, सिक्किम की चार नदियों और ओडिशा की 25 नदियों व दो नालों में ठोस अपशिष्ट प्रदूषण का कोई संवेदनशील स्थल नहीं मिला। वहीं, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के आंकड़े अधूरे हैं। उत्तर प्रदेश ने कोई आंकड़ा ही नहीं दिया, जबकि मध्य प्रदेश ने 26 नदियों का उल्लेख किया लेकिन कचरा फेंकने के संवेदनशील स्थलों की संख्या नहीं बताई। दिल्ली ने भी नदियों, नालों और कचरा डंपिंग स्थलों का पूरा ब्योरा नहीं दिया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मध्य प्रदेश में नदियों और नालों में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए कोई सिस्टम नहीं लगाया गया है। अवैध कचरा डालने को लेकर राज्य में सिर्फ एक नोटिस और एक कार्रवाई दर्ज है।