Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहाड़ गांव के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कार में सवार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों में दादा-दादी, माता-पिता और एक साल का मासूम बच्चा शामिल बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही डलहौजी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
डलहौजी पुलिस और स्थानीय प्रशासन का राहत कार्य जारी
डलहौजी पुलिस स्टेशन ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। खाई गहरी होने के कारण राहत कार्य में थोड़ी मुश्किलें आ रही हैं। पुलिस की टीम मौतों की आधिकारिक पुष्टि और पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।
चंबा के भरमौर से विधायक जनक राज ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बनीखेत के लाहड क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गैहरा के पांच लोगों की मृत्यु की सूचना बेहद दुखद है। उन्होंने महादेव से मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की।